जौनपुर। होली की उमंग बुधवार को बाजार में देखने को मिली। कपड़े, रंग-गुलाल, पिचकारी, पकवान की सामग्री खरीदने के लिए बुधवार को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके चलते जेसीज, कचहरी, ओलंदगंज, जहांगीराबाद आदि प्रमुख बाजारों में तिल रखने की जगह नहीं थी। देर रात तक खरीददारी चलती रही। गुरुवार को भी दुकानें खुली रहेंगी।
होली के मौके पर ओलंदगंज, जहांगीराबाद में कपड़ा, जूता चप्पल, बैग, ऊनी कपड़े, होली के सामानों की फुटपाथ पर अस्थाई दुकानें लगती हैं। मेले की यह परंपरा बहुत पुरानी है। मंगलवार की देर रात में ही दुकानदारों ने जगह आरक्षित कर लिया था। सुबह से ही इन दुकानों पर खरीददारों की भीड़ जुटने लगी और दोपहर बाद तो बाजार जाम हो गया। खास बात यह है कि बड़े दुकानदारों ने भी फुटपाथ पर जगह-जगह स्टाल लगवाए थे। कपड़ों पर 25 से 40 फीसदी तक की छूट दी जा रही थी। बुधवार को शहर में तकरीबन 20 हजार से अधिक लोग खरीददारी करने के लिए पहुंचे। ऐसे में पूरे शहर में जगह-जगह जाम लग गया। जेसीज चौराहे पर रोडवेज की बसें खड़ी होने की वजह से और परेशानी हुई। वैसे यातायात पुलिस ने रूहट्टा की तरफ से आने वाले वाहनों को नईगंज की तरफ मोड़ दे रहे थे और जेसीज की तरफ से आने वाले वाहनों को ओलंदगंज से पहले ही रोक दिया जा रहा था। बावजूद इसके जाम लगा तो घंटों लोग फंसे रहे।
सड़क की पटरी पर ही लगी थी दुकानें
जौनपुर। रेडिमेड कपड़ों सहित अन्य सामानों की दुकानें सड़क पर ही लगाई गई थी, जिसकी वजह से पैदल भी आने-जाने में परेशानी हो रही थी। वैसे पिछली बार की तुलना में इस बार बिक्री कम हुई। कपड़े के दुकान लगाने वाले जहांगीराबाद के अखिलेश अग्रहरि का कहना है कि इस बार त्योहार का उत्साह कम है। मधारे टोला निवासी गीता गुजराती ने बताया कि जगह नहीं मिलने के कारण वे पिछली दुकान नहीं लगा पाए थे। इस बार पहले से ही जगह घेर लिया था। फैजाबाद से आए दुकानदार राशिद ने बताया कि उनकी दुकान पर तीस प्रतिशत तक की छूट दी गई। इसके बावजूद भी ग्राहक मोल भाव करते रहे। तारापुर निवासी दुकानदार मो. अयूब व जहागीराबाद निवासी शिवेंद्र कुमार का कहना है कि हर साल स्टाल लगाते हैं लेकिन पिछले बार की अपेक्षा इस बार अधिक छूट देने पर भी बिक्री कम हुई।