जौनपुर। सत्र 2016-17 में पूर्वी जोन की प्रतियोगिताओं में जिन खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूर्वांचल विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया, उन्हें मंगलवार को सम्मानित किया गया। अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में खेलकूद परिषद की ओर से आयोजित समारोह में पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ स्थान पाने वाले खिलाड़ियों और अखिल भारतीय वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
वालीबाल महिला, हैंडबाल पुरुष व महिला, कबड्डी पुरुष और महिला, टेनिस महिला, बैडमिंटन महिला, बास्केटबॉल महिला और खो-खो महिला टीम के 121 खिलाड़ी, कोच एवं प्रबंधक भी सम्मानित किए गए। राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान पिछले दिनों लखनऊ में राजभवन में किया गया था। खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के अलावा ब्लेजर, पैंट शर्ट का कपड़ा, बैच, बेल्ट आदि दिया गया।
कार्य परिषद के सदस्य एवं भौतिक विज्ञानी प्रो. विलास ए तभाने ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने दमखम से विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया, उनका अभिनंदन होना चाहिए। खिलाड़ी सदैव टीम भावना के साथ खेलते हैं इनसे अन्य को प्रेरणा लेनी चाहिए। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। वित्त अधिकारी एमके सिंह, अध्यक्षता कर रहे खेलकूद परिषद के अध्यक्ष डॉ सत्येंद्र प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह, खेल सचिव शेखर सिंह, डा. केएस तोमर मंचासीन रहे। कार्यक्रम में डा. रामाश्रय शर्मा, देवेंद्र सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, डा. विजय सिंह, डा. मनोज मिश्र, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा. राजेश सिंह, संजय श्रीवास्तव, एमएम भट्ट, रजनीश सिंह, ऋषि सिंह, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन अशोक सिंह ने किया।