जौनपुर।
किसी भी देश के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए कौशल और ज्ञान जरूरी है। यही दो प्रेरक बल हैं। वर्तमान वैश्विक माहौल में उभरती अर्थव्यवस्थाओं की मुख्य चुनौती से निपटने में वे देश आगे हैं जिन्होंने कौशल का उच्च स्तर प्राप्त कर लिया है। किसी भी देश में कौशल विकास कार्यक्रम के लिए मुख्य रूप से युवाओं पर ही जोर होता है। इस मामले में हमारा देश अच्छी स्थिति में है। यह बातें बतौर मुख्य अतिथि महाराष्ट्र बसपा प्रदेश प्रभारी अशोक सिंह ने रामकिशुन सिंह महाविद्यालय सिद्दीकपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित कौशल विकास हेतु युवा विषयक गोष्ठी को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने शुद्ध जल आपूर्ति के लिए महाविद्यालय में आरओ लगवाने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि डाक अधीक्षक प्रभाकर त्रिपाठी ने कहा कि भारत के पास एक अतुलनीय युवा जनसंख्या है, जिससे आने वाले समय में सामाजिक-आर्थिक विकास को जोरदार बढ़ावा मिलना तय है। रोजगार के लिए उपयुक्त कौशल प्राप्त करके ये युवा परिवर्तन के प्रतिनिधि हो सकते हैं। प्राचार्य डा. अरविंद कुमार उपाध्याय ने आभार प्रकट किया। इस मौके पर डा. धनंजय, डा. बिंदेश्वरी चतुर्वेदी, कुंवर अमित रत्नेश सिंह, ऋषि प्रकाश सिंह, धर्मसेन सिंह, रमेश चंद्र मालवीय, कार्यक्रम अधिकारी सिद्धार्थ शंकर सिंह, सौरभ सिंह विक्की आदि उपस्थित रहे।