वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परीक्षा संचालन समिति की बैठक शनिवार को कुलपति सभागार में हुई। इसमें सीसीटीवी कैमरा न लगाने वाले 114 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही इन महाविद्यालयों द्वारा सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाने की सूचना शासन को भेजी गई।
परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने बताया कि नौ राजकीय महाविद्यालयों में से पांच महाविद्यालयों और अनुदानित 37 महाविद्यालयों में से नौ महाविद्यालयों ने सीसीटीवी कैमरा नहीं लगवाया है। वहीं, सेल्फ फाइनेंस 700 महाविद्यालयों में 100 महाविद्यालयों ने सीसीटीवी कैमरा नहीं लगवाया है। उन्होंने बताया कि कुछ कालेजों के प्रबंधकों द्वारा यह कहा गया कि हमलोग शासन को पत्र लिख रहे हैं कि परीक्षा के समय तक कैमरा लगवा लेंगे लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा शासन के डायरेक्टर पीसी गौतम को सीसीटीवी कैमरा न लगवाने वाले 114 महाविद्यालयों की सूची भेज दी गई है। बैठक में डा. विजयबहादुर सिंह, डा. समरबहादुर सिंह, डा. शिवशंकर सिंह, प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह, डा.वीरेंद्र विक्रम यादव आदि उपस्थित रहे।