रेलवे क्रासिंग भलुआही पर गुरूवार की शाम श्रमजीवी एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णनगर से पार होने के बाद बूम में तकनीकी खराबी आ गई। जिससे एक तरफ का बूम खुल गया और दूसरे तरफ का बूम यथावत बंद रहा। इस दौरान आने वाले दो पहिया तथा चार पहिया वाहन संचालक दोनों बूम के बीच पहुंच गए और मौके पर अफरातफरी मच गई। क्रासिंग के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई जिससे जाम लग गया और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तकरीबन पंद्रह मिनट तक स्थित यथावत बनी रहने के कारण क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। दक्षिण दिशा की तरफ से आ रही एक ट्रक से बाइक सवार मंगल 20 वर्ष तथा उसकी माँ चैता पत्नी रामफल 65 वर्ष को धक्का लग गया लेकिन वह बाल-बाल बच गए। महाराजगंज थाना क्षेत्र के शुगुर्दीपुर निवासी मंगल अपनी मां को बदलापुर से बाइक से दवा दिलाकर घर जा रहा था। भीड़ में अनियंत्रित होकर वह अपनी माँ सहित ट्रक के आगे वाले चक्के की चपेट में आ गया। मौके पर जुटी भीड़ ने आवाज लगाया जिससे ट्रक रुक गई और उनकी जान बच गई। इधर गेटमैन राजेंद्र प्रसाद ने एक वूम खुले तथा एक बंद रहने के बाबत तकनीकी खराबी बताया। पंद्रह मिनट बाद दोनों वूम ऊपर उठने से यातायात सामान्य हुई। तब जाकर लोगों ने राहत की साँस लिया।