जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के फार्मेसी के छात्रों ने सोमवार को संस्थान के डायरेक्टर पर दुर्व्यवहार आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बीस की संख्या में छात्र कुलसचिव कार्यालय पहुंच गए और पत्रक देकर डायरेक्टर को हटाने की मांग की। आरोप लगाया कि डायरेक्टर अपमानजनक शब्दों से बुलाते हैं। निदेशक को नहीं हटाने पर कक्षा बहिष्कार की चेतावनी दी।
फार्मेसी संस्थान के छात्र सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे संस्थान में पहुंचे। कुछ देर बाद ही फार्मेसी संस्थान के गेट पर छात्रों का धीरे-धीरे जमावड़ा होने लगा। छात्र डायरेक्टर को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। परिसर के सभी छात्रों की भीड़ जुट गई। हंगामा करने के बाद छात्र रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गए। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल से कहा कि डायरेक्टर प्रो. बीबी तिवारी आए दिन छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते रहते हैं। जब छात्र विरोध करते हैं तो उन्हेें फेल करने की धमकी दी जाती है। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने छात्रों की समस्या सुनी और जांच का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
मुझे फार्मेसी संस्थान का चार्ज मिला है। संस्थान का निरीक्षण करने गया था। एक शिक्षक क्लास में आधे घंटे विलंब से पहुंचे थे। उन्हें समय से आने की चेतावनी दी। उसके बाद बाद छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्रों से मेरी कोई बात नहीं हुई। इस हंगामे के पीछे शिक्षक की क्या मंशा है मुझे पता नहीं।-प्रो. बीबी तिवारी, डायरेक्टर, फार्मेसी संस्थान, पूविवि