जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में प्यारेलाल यादव, जलालपुर के सरैया गांव में मनरेगा कोआर्डिनेटर संजय मौर्य की गोली मारकर हत्या और रामदयालगंज के पास सड़क हादसे में हुई छात्र की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की सहायता प्रदान करेगी। सपा के जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पार्टी फंड से सहायता देने की संस्तुति कर दी गई है।
जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि चार फरवरी को जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में प्यारेलाल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जलालपुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में मनरेगा कोआर्डिनेटर संजय मौर्य को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नौ फरवरी को रामदयालगंज के पास मड़ियाहूं की विधायक की गाड़ी से कुचलकर कैलावर गांव निवासी शुभम यादव पुत्र अभय की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव, शैलेंद्र यादव ललई, जगदीश सोनकर, राजबहादुर यादव, पूर्व सांसद तूफानी सरोज, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव आदि ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इन घटनाओं और परिवार वालों की माली दशा के बारे में अवगत कराया था। जिसपर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तीनों परिवारों को दो दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता पार्टी फंड से करने की संस्तुति कर दी है।