जौनपुर। बिना हेलमेट और तीन सवारी जीवन पर कभी भी भारी पड़ सकता है। इस लापरवाही में आए दिन किसी न किसी की जान जा रही है। उसके बावजूद भी लोग चेत नहीं रहे हैं। जबकि यातायात पुलिस ने जनवरी से दिसंबर 2017 तक 3790 वाहनों की चेकिंग किया। जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था। अभियान शुरू होने के बाद दो दिनों में यातायात पुलिस ने 86 वाहनों का चालान हेलमेट नहीं लगाने और तीन सवारी की वजह से किया। मंगलवार को यातायात प्रभारी ने वाजिदपुर, जेसीज, पॉलीटेक्निक, सिपाह सहित कई स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की और लोगों से हेलमेट लगाने की अपील किया।
प्रदेश सरकार ने हेलमेट को लेकर 12 फरवरी से अभियान शुरू किया है। देखा जाए तो शहर में यातायात पुलिस इस अभियान को लेकर चेकिंग तो शुरू किया है। लेकिन ग्रामीणांचल में इस अभियान का कोई असर नहीं है। कहीं भी किसी थानाध्यक्ष ने तीन सवारी और बिना हेलमेट की बाइक के खिलाफ न तो कार्रवाई किया और न ही चेकिंग किया। तकरीबन 6 माह पहले जेसीज चौराहे पर तत्कालीन एसपी शैलेश पांडेय ने 20 से अधिक लोगों को नि:शुल्क हेलमेट प्रदान कर एक अपील की थी कि जब भी घर से निकले हेलमेट लगाकर निकले। यही नहीं उन्होंने बिना हेलमेट के बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं देने के अभियान का शुभारंभ सिपाह से किया था। लेकिन कोई असर नहीं रहा। एसपी केके चौधरी के निर्देश पर यातायात प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने मंगलवार को शहर भर में अभियान चलाया और कार्रवाई की। उन्होंने 42 वाहनों से 12 हजार 5 सौ जुर्माना भी वसूल किया। इस दौरान 86 वाहनों का चालान हुआ।
एक साल में वसूले 12 लाख
जौनपुर। यातायात पुलिस ने हेलमेट नहीं लगाने वालों और तीन लोगों को बैठाकर चलने वाले 9317 लोगों की एक जनवरी से 31 दिसंबर 2017 के बीच जांच पड़ताल किया। इसमें 3790 वाहनों से 12 लाख 7 हजार 750 रूपए जुर्माना वसूल किया। बावजूद इसके लोग मानने वाले नहीं हैं। 100 लोगों में 60 लोग बिना हेलमेट के यात्रा करते देखे जाते हैं। यही कारण है कि हादसे बढ़ रहे हैं और लोगों की मौत हो रही है। 2017 में 575 से अधिक हादसे इसका उदाहरण हैं। इसमें 272 हादसे बिना हेलमेट वालों के हुए। 153 से अधिक लोगों की जान बिना हेलमेट लगाने की वजह से गई।
सभी एसओ और यातायात प्रभारी को अभियान चलाकर तीन सवारी और बिना हेलमेट लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इसमें कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बड़े पैमाने पर दो दिनों में कार्रवाई भी हुई है।
केके चौधरी
एसपी