पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने गुरुवार की शाम करीब सात बजे बदलापुर श्रीकृष्णनगर रेलवे स्टेशन के निकट अपनी तीन बेटियों के साथ मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी। जिससे मां और उसकी बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और पांच वर्ष की बच्ची बाल बाल बच गई। घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी मुन्ना शर्मा की पत्नी गीता देवी (45) पति से झगड़ा होने पर बुधवार की शाम से ही घर से तीन बच्चों के साथ निकल गई थी। गुरुवार की शाम वह अपनी बेटी खुशी (14) , कुसुम (5) और खुशबू (3) के साथ बदलापुर आ गई। वह बदलापुर स्टेशन के निकट रेलवे लाइन के किनारे शाम करीब सात बजे सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी के सामने बेटियों के साथ ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जिससे गीता की मौत हो गई, जबकि घायल खुशी की जिला अस्पताल में मौत हो गई। ट्रेन गुजरने के बाद पटरी के किनारे रो रही पांच साल की बच्ची मिली। जबकि खुशबू को सीएचसी बदलापुर में भर्ती कराया गया है।
घटना में बाल बाल बची कुसुम ने पुलिस को बताया कि कल मम्मी और पापा में झगड़ा हुआ था। तभी से मां उन्हें साथ लेकर घर से निकल गई थी। बताया जाता है कि महिला का पति सवारी गाड़ी चलाता है। वह नशे में पत्नी की पिटाई करता था। इसे लेकर अक्सर पति पत्नी में विवाद होता था। सीओ बदलापुर दिग्विजय सिंह का कहना है कि महिला की मौत मौके पर हो गई थी जबकि उसकी बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटा का कारण पारिवारिक कलह है।