सिकरारा । सिकरारा में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित मुसहर बस्ती में मंगलवार को पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। आरोप है कि बस्ती के लोग कभी बच्चों को पोलियो की खुराक नहीं पिलाते थे। स्वास्थ्य कर्मचारी जब उनके घर जाते थे तो वे बच्चों को छिपा देते थे।
कई बार से मिल रही ऐसी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. मनोज चौरसिया ने बुलिस बल के साथ वैक्सीनेटरों की टीम के साथ बस्ती में पहुंचे। स्वास्थ्य टीम के पहुंचने पर मंगलवार को भी बस्ती के बच्चों को छिपा दिया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने एक एक घर की तलाशी ली और घर में छिपाए गए बच्चों को बाहर निकाल कर सभी को पोलियों की खुराक पिलाई गई। इस बस्सी में करीब आठ बच्चे थे जिन्हें पोलियो की खुराक पिलाई गई। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बस्ती के लोगों को समझाते हुए कहा कि आखिर जिन गांव में पढ़े लिखे लोग हैं वे खुद अपने बच्चों को लेकर केंद्र पर जाते हैं और उन्हें पोलियो की खुराक पिलाते हैं तो उन्हें किस बात का डर है। बस्ती के लोगों को यह भ्रम है कि पोलियो की खुराक पिलाने पर बच्चे नपुंशकता के शिकार हो सकते हैं।