मछलीशहर। नगर विकास मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रोडवेज बस स्टैंड परिसर में बनने वाले सुलभ शौचालय और रैन बसेरा का रविवार की देर शाम शिलान्यास करने के बाद कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में विकास चुनिंदा जिलों तक ही सीमित रह गया था। भाजपा सरकार ने उस कार्य संस्कृति को बदल दिया है। हम सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2022 तक सभी निराश्रित और आवास विहीन लोगों को सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराएगी। मछलीशहर को आदर्श नगर पंचायत बनाने का आश्वासन देते हुए कहा कि पंचायत बोर्ड के सदस्य विकास की योजना बनाकर भेजें। धन की समस्या नहीं होगी। वे प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बयान करने में इतने उत्साहित थे कि यहां तक कह डाला कि उनकी सरकार 28 घंटे बिजली कसबे में दे रही है। यह दीगर बात है कि शेड्यूल 18 घंटे का ही है। इस मौके पर महमूद आलम अंसारी, जीवनलाल अग्रहरि, डा. एजाज अहमद, कृपाशंकर श्रीवास्तव, राजकुमार पटवा, इश्तेयाक खां, राकेश जायसवाल, सुरेंद्र जायसवाल ने विचार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा के संगठन मंत्री महेश श्रीवास्तव, आशा मौर्य, डा. हस्सान, मुश्ताक अहमद खान, मनोज चौरसिया आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता सुरेंद्र विक्रम सिंह ने की। संचालन हाजी एजाज खा ने किया। अधिशासी अधिकारी धीरज सिंह ने आभार व्यक्त किया। मछलीशहर। शिलान्यास समारोह में नगर पंचायत की चेयरमैन शबीना बानो मौैजूद नहीं थीं। उनके पति सभासद महमूद आलम मौजूद रहे।