जौनपुर। कमिश्नर वाराणसी मंडल नितिन रमेश गोकर्ण ने मंगलवार को मछलीशहर और मड़ियाहूं तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जगदीशपुर गांव में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। राशन कार्ड में यूनिट नहीं दर्ज होने पर सप्लाई इंस्पेक्टर को फटकार लगाई। गांव के 70 लोगों को आवास देने का भरोसा दिलाया। मछलीशहर में अधिवक्ताओं की समस्याएं सुनीं।
मछलीशहर प्रतिनिधि के मुताबिक मंडलायुक्त ने तहसील का निरीक्षण करने के बाद अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर मुकदमे के निस्तारण में सहयोग मांगा। न्यायिक कार्य से कम से कम विरत रहने को कहा। अधिवक्ताओं की मांग पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सभागार में करने को कहा। उन्होंने पैमाइश के लिए 15 दिन, आदेशों के कंप्यूटर फीडिंग के लिए समय सीमा तय करने, फौजदारी के मुकदमे हाजिर न होने वालों के खिलाफ वारंट जारी करने का निर्देश उपजिलाधिकारी विमल कुमार दूबे को दिया। कहा कि यदि दफा 34 की पत्रावलियों में लेखपाल समय से रिपोर्ट न दें तो उनका वेतन रोक दिया जाए। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र सिन्हा, महामंत्री श्याम सुंदर यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, हरिनायक तिवारी, इंदू प्रकाश सिंह, प्रेम चंद्र विश्वकर्मा, अशोक श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। मंडलायुक्त कोतवाली थाने भी पहुंचे और शस्त्रों के गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। एसपी केके चौधरी, सीडीओ आलोक, एडीएम रमेश मिश्र भी मौजूद रहे।
मीरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कमिश्नर ने जगदीशपुर गांव में आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया और प्राथमिक स्कूल में चौपाल लगाई। प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आंगनबाड़ी, विद्युत विभाग, सडक व नाली निर्माण, पेंशन योजनाओं, टीकारण, मृदा परिक्षण, जाब कार्ड आदि की जानकारी ली। पूजा ने राशन कार्ड में यूनिट न होने की शिकायत की और दीपक, सुनीता देवी, राधा ने कोटेदार पर अधिक पैसे लेने का आरोप लगाया। इस पर कमिश्नर ने सप्लाई इंसपेक्टर को एक महीने में सब दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि 70 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। अनुसूचित व अल्पसंख्यक बस्ती में विद्युतिकरण कार्य नहीं होने पर एक्सईएन को फटकार श्लगाई। उन्होंने जगदीशपुर गांव में बच्चों का वजन करने वाली मशीन की जांच की। साथ ही आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जानकारी ली। कमिश्नर ने आंगनबाड़ियों से समस्याओं के बारे पूछा तो उन्होंने कोई दिक्कत नहीं होने की बात कही।