मछलीशहर। तहसील के नजारत में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेन्द्र कुमार मौर्य द्वारा अनुशासनहीनता और आदेश की अवहेलना करने के आरोप में तहसीलदार ने निलम्बित करने की संस्तुति की है। उपजिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी है। शुक्रवार के दिन नायब तहसीलदार से विवाद करना मंहगा पड़ गया। उस पर सरकारी कार्य न करने तथा अधिकारी के आदेश की अवहेलनाकरने के बावत नायब तहसीलदार द्वारा प्रेषित शिकायती पत्र के आधार पर तहसीलदार ने यह कदम उठाया है। आरोप है कि कर्मचारी द्वारा अधिकारियों के आदेश एंव निर्देश के अनुपालन में हीला हवाली और अनियमियतता बरती जा रही है। मामले की पुष्टि होने पर तहसीलदार संतोष कुमार सोनकर ने यह कार्रवाई की। हालांकि उपजिलाधिकारी के तहसील मुख्यालय पर मौजूद न रहने के कारण निलम्बन पत्र जारी नहीं हो सका है।
सुरेंद्र कुमार मौर्य ने नायब तहसीलदार पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। तहसील चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के माध्यम से एसडीएम को पत्रक सौंपा। नजारत में नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का आरोप है कि शुक्रवार को नायब तहसीलदार ने उसे बुलाकर दूसरे तल से कंबल का गट्ठर उतारकर गाड़ी में लादने के लिये कहा। कर्मचारी ने गाड़ी दरवाजे पर लगने के बाद कंबल लादने की बात कही। इस पर नायब तहसीलदार संतोष शुक्ला ने गालियां देते हुए कंबल न लादने पर निलंबित करने की धमकी दिए। नायब तहसीलदार संतोष शुक्ला ने बताया कि वाहन पर कंबल लादने की बात हुई थी। कार्य में आनाकानी करने पर डांटा गया। दुर्व्यवहार का आरोप निराधार है।