जौनपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर भी लोगों को त्वरित समाधान कम ही मिल पा रहा है। मडियाहूं में मंगलवार को डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी खुद मौजूद थे। उनकी अध्यक्षता में सुबह 10 से 2 बजे तक सुनवाई हुई। 210 फरियादियों ने शिकायतें कीं लेकिन समाधान महज नौ को मिला।
जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर जन सुनवाई में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि हर-हालत में 15 दिन के भीतर शिकायतों का निस्तारण करें। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के लिए एक टीम भी गठित की। जिलाधिकारी ने रामपुर नदी गांव में नवीन परती भूमि में सबमर्सिबल पंप लगाने की शिकायत की जांच लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीसी गुप्ता, पीओ डूडा एमपी सिंह से करने को कहा। लेखपाल सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि अब पंप नहीं चल रहा हैं तो जिलाधिकारी ने फटकार लगाई। राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे अपने इलाके की जमीम पर अवैध कब्जे की जांच कर लें और 15 दिन में रिपोर्ट दें। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटवाने एवं अविवादित वरासत का काम 15 दिन के भीतर कर लें। उन्होेंने कहा कि राजस्व टीम गांव में चौपाल नहीं लगा रही है और समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। सीडीओ आलोक सिंह, डीएफओ एपी पाठक, डीडीएजी जयप्रकाश, पी.डी. पीके राय, डीडीओ दयाराम, उप जिलाधिकारी रमापति बिन्द, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामभवन यादव, तहसीलदार अजय कुमार पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार चौबे मौजूद रहे।
मछलीशहर : उपजिलाधिकारी विमल कुमार दूबे की अध्यक्षता में तहसील सभागार में समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 63 शिकायतें आईं और छह का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया । राजस्व संबंधी शिकायतों की अधिकता रही । एसडीएम ने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि ग्राम समाज व सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध अतिक्रमण हटाने में तेजी लाएं। तहसीलदार संतोष कुमार सोनकर, नायब तहसीलदार संतोष शुक्ला,अधिशासी अधिकारी धीरज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
शाहगंज: उप जिलाधिकारी जेएन सचान की अध्यक्षता में तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों द्वारा कुल एक सौ पांच प्रार्थना पत्र दिये गये। जिसमें दस प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के सुपुर्द किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार शुक्ल, तहसीलदार चंद्रेश कुमार सिंह, ईओ नगर पालिका परिषद प्रदीप गिरी, चिकित्साधीक्षक डा. डीएस यादव समेत तमाम विभाग के अधिकारी व राजस्वकर्मी मौजूद रहें।
बदलापुर: तहसील दिवस पर पड़े 46 शिकायती प्रार्थना पत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर 7 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया । अध्यक्षता अपरजिलाधिकारी वित्त रमेशचंद्र मिश्र ने किया । इस मौके पर तहसीलदार चन्द्रशेखर यादव , नायब तहसीलदार कृष्णराज सिंह , सीओ दिग्विजय सिंह , खण्डविकास अधिकारी रमाशंकर सिंह , जेई जल निगम प्रफुल्ल कुमार सिंह आदि लोग मौजूद थे । तहसील दिवस से उठने के बाद एडीएम मिश्र तहसीलदार चन्द्रशेखर यादव ने राजस्वकर्मियों की टीम के साथ क्षेत्र के कुशहाँ गाँव निवासी अविनाश दुबे द्वारा दिए गये प्रार्थना पत्र के निस्तारण करने हेतु गाँव में पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया । शिकायत कर्ता अपनी आबादी की जमींन में कुंआ खुदवाने के लिए प्रार्थना पत्र एडीएम को दिया था ।