मछलीशहर । कम्बल वितरण समारोह में आमंत्रित नहीं किए जाने पर विधायक मुंगराबादशाहपुर सुषमा पटेल ने सोमवार को एसडीएम के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। इस दौरान विधायक ने एसडीएम को खूब खरीखोटी सुनाई।साथ ही जिलाधिकारी से भी मामले की शिकायत किया। हालांकि शोर गुल व नोक झोंक सुनकर अधिवक्ता पहुंच गए। अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
मुंगराबादशाहपुर की विधायक सुषमा पटेल का आरोप है कि उप जिलाधिकारी विमल कुमार दूबे के नेतृत्व में 14 जनवरी को नगर के बिहारी महिला महाविद्यालय में कम्बल वितरण समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें भाजपा की पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी व मछलीशहर सांसद प्रतिनिधि को आमंत्रित किया गया था। लेकिन हमें इसकी कोई सूचना और आमंत्रण नहीं दिया गया था। जिसके कारण एसडीएम की लापरवाही से मेरे क्षेत्र की जनता को कम्बल वितरण का लाभ नहीं मिल सका। इसी बात से नाराज विधायक अपने समर्थकों के साथ सोमवार को उप जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंची। अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुये एसडीएम को खूब खरी खोटी सुनाई। कार्यालय में नोंक झोंक व शोरगुल सुनकर काफी संख्या में अधिवक्ता भी पहुंच गए और विधायक द्वारा किए गए वर्ताव का प्रतिवाद किये । इस सम्बंध में उपजिलाधिकारी विमल कुमार दुबे का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में मंत्री,सांसद,विधायक की उपस्थित में कम्बल वितरण होना है। किसी को समारोह में आमंत्रित करने का कोई निर्देश नहीं है । जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि स्वयं समारोह में शामिल होकर शासन की मंशा को पूरा कराएं। मेरे द्वारा किसी को भी समारोह में शामिल होने का आमंत्रण नहीं दिया गया। शासन द्वारा कंबल उपलब्ध होने पर मुंगराबादशाहपुर में भी वितरित किया जाएगा । विधायक की उपजिलाधिकारी से हुई नोंक झोंक की चर्चा दिन भर तहसील में होती रही ।