जौनपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शनिवार को जिले में सात केंद्रों में शुरू हुईं। पहले दिन 10वीं कंप्यूटर साइंस और 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित कराई गई। 10वीं में 5218 और 12वीं में 3081 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। डॉ. रिजवी लर्नर्स एकेडमी में 12वीं में कुल 518 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 498 परीक्षा में शामिल हुए जबकि 20 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। राधिका बाल विद्या मंदिर केंद्र पर 533 छात्र इंटर के पंजीकृत थे। 529 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। चार छात्रों ने परीक्षा छोड़ दिया। मां दुर्गा जी सीनियर सेकेंड्री स्कूल सिद्दीकरपुर में 12वीं के 574 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 566 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि आठ गैरहाजिर रहे। इसी प्रकार 10वीं कंप्यूटर साइंस में 93 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 92 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। एक ने परीक्षा छोड़ दी। उमानाथ सिंह सीनियर सेकेंडरी महरूपुर में इंटर के 222 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। जिसमें से 221 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। एक छात्र ने परीक्षा छोड़ दिया। सेंट पैट्रिक्स स्कूल पंचहटिया, प्रसाद इंटर नेशनल स्कूल, राधिका बाल विद्या मंदिर, आरएन टैगौर स्कूल केंद्रों पर भी परीक्षा हुई। नकल विहीन परीक्षा के लिए सचल उड़ाका दल का गठन किया गया है। हर परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए है। सभी परीक्षार्थियों को स्कूल के यूनिफार्म पहनकर आने और आईडी कार्ड साथ में लाने का निर्देश दिया गया है। सिटी कोऑर्डिनेटर व डा. रिजवी लर्नर्स एकेडेमी की प्रधानाचार्य डा. रुचि शर्मा ने बताया कि पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।