केराकत। औड़िहार -जौनपुर रेल खंड पर मुफ्तीगंज स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन को अधिक समय तक रोके जाने से नाराज यात्रियों ने बुधवार हंगामा किया। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में स्टेशन मास्टर के समझाने में लोग शांत हुए। बताया जाता है कि बुधवार को सुबह साढ़े सात बजे औड़िहार से जौनपुर के लिए रवाना हुई पैसेंजर ट्रेन मुफ्तीगंज स्टेशन पर पहुंची, जहां गाड़ी को खड़ी कर दिया गया। इस दौरान काफी विलंब होने पर यात्री स्टेशन पर हो-हल्ला शुरू कर दिए। स्टेशन मास्टर शशिकांत तिवारी ने बताया कि दिल्ली से गाजीपुर के लिए जा रही सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन के आने का समय हो गया है। इसके चलते गाड़ी को खड़ी की गई है। क्रासिंग कराने के बाद पैसेंजर को रवाना किया जाएगा। उधर, इस संबंध में कांग्रेस नेता विजय कुमार तिवारी, सपा नेता सत्यनारायण यादव, समाज सेवी त्रिभुवन मौर्य आदि का कहना है कि इस रेल मार्ग पर चलने वाली अप व डाउन पैसेंजर व डेमू ट्रेन आये दिन दो घंटे से लेकर चार घंटे तक मुफ्तीगंज में जानबूझ कर खड़ी कर दी जाती हैं। जिसके चलते यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। ज्यादा देर तक गाड़ी खड़ी होने से महिलाओं व बच्चियों के साथ छेड़खानी व यात्रियों से छिनैती आदि की घटनाएं होती हैं। क्षेत्र के लोगों ने सुहेल देव एक्सप्रेस, बांद्रा एक्सप्रेस, मऊ लखनऊ एक्सप्रेस व गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव मुफ्तीगंज में शुरू कर दी जाए तो लोगों को काफी सहूलियत होगी।