जौनपुर। शहर में जाम की समस्या कम नहीं हो रही है। शनिवार की दोपहर में जाम लगने से लोग घंटों परेशान रहे। शाम साढ़े सात बजे एक बार फिर नईगंज से लेकर वाजिदपुर चौराहे तक जाम लग गया। चार फरवरी को प्रयागराज में मौनी अवस्या की वजह से श्रद्वालुओं का प्रयागराज जाना शुरू हो गया है। जिसकी वजह से जाम की समस्या पैदा हो गई है। लाइन बाजार पुलिस ने रोडवेज से जेसीज चौराहे तक अतिक्रमण अभियान चलाकर हटवाया। यहां अतिक्रमण की वजह से रोडवेज की बसें सड़क पर खड़ा हो रही थीं जिससे जाम की समस्या पैदा हो गई थीं।
शहर में जाम एक समस्या बन गई है। कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन जाम नहीं लगता हो। शनिवार को सिपाह, जेसीज, लाइन बाजार, जगदीशपुर क्रासिंग, रूहट्टा आदि इलाकों में जाम लगा रहा। कोतवाली के ठीक सामने ई रिक्शा वालों ने स्टैंड बना लिया है। जिसकी वजह से हर रोज जाम लग रहा है। अतिक्रमण एवं जगह - जगह वाहनों के सड़कों पर खड़ा किये जाने की वजह से भी जाम लग रहा है। यातायात पुलिस की संख्या कम हो गई है। टीडी कालेज के सामने पिछले हिस्से में हर रोज जाम लगने से स्कूली बसें घंटों फंस जा रही है। शनिवार को भी ऐसा ही रहा। यातायात के सिपाहियों ने मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। यातायात प्रभारी विजय प्रताप सिंह का कहना है कि जाम न लगे पूरा प्रयास किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें।