बरसठी। विकास खंड के मनौरा गांव के ग्राम सदस्यों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को हस्ताक्षरित पत्रक देकर ग्राम प्रधान के भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। सदस्यों ने मांग किया है कि प्रधान के खिलाफ अविश्वास पारित कर दूसरे मनोनीत प्रधान को नियुक्त किया जाए। जिलाधिकारी ने सदस्यों से सोमवार तक हलफनामा के साथ पेश होने का सुझाव दिया है।
विकास खंड के मनौरा गांव के जितेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में शुक्रवार को सात सदस्यों उर्मिला देवी, सितारा देवी, जोखन, गीता देवी, चंद्रिका प्रसाद, राजमणि यादव, ओम प्रकाश उपाध्याय ने हस्ताक्षरित पत्रक लेकर जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्हें ग्राम प्रधान अशोक सैनी के द्वारा शौचालय समेत अन्य कार्यों के भ्रष्टाचार के विषय में बताया और कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ हम ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। जिसके कारण हम लोग प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहते हैं। उनके स्थान पर दूसरे को मनोनीत प्रधान नियुक्त किया जाना ग्रामसभा के लिए जरूरी हो गया है। डीएम ने मामले को सुनने के बाद उपस्थित सदस्यों से सोमवार को हलफनामा के साथ प्रस्तुत होने का निर्देश दिया है। ग्राम प्रधान अशोक सैनी का कहना है कि तीन वर्ष में मैंने सरकारी योजना में कोई आवास नहीं पाया है। शौचालय मिला है जो लाभार्थी शौचालय नहीं बनवा रहे हैं उनको पैसा नहीं दिया जा रहा है।