जमीन से अवैध कब्जा हटवाने और विवाद को सुलझाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित की गई राजस्व कर्मियों की टीम पहले दिन गुरुवार को ऐक्शन में दिखी। बदलापुर, केराकत और मछलीशहर तहसीलों में राजस्व टीम ने कई अवैध कब्जे हटवा दिए और विवाद को सुलझा दिया।
घनश्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के निर्देश पर बदलापुर के तहसीलदार चन्द्रशेखर यादव ने राजस्व कर्मियों और पुलिस टीम के साथ गुरूवार को सरोखनपुर गांव में भूमि विवाद से संबंधित पांच मामलों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया। टीम सबसे पहले गाँव में पहुँच कर रामलखन सेठ के रास्ते से संबंधित मामले का निस्तारण करने के बाद सीता देवी पत्नी राजदेव, रघुनंदन, फूलचंद विश्वकर्मा तथा रामयश की शिकायतों का निस्तारण किया । इस मौके पर टीम में अजय पाण्डेय , जनार्दन मिश्र , प्रियंका , संदीप दुबे तथा अशोक यादव आदि लोग शामिल थे ।
मुफ्तीगंज प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम केराकत मंगलेश दुबे, तहसीलदार ज्ञानेन्द्र सिंह ने राजस्व कर्मियों व पुलिस टीम के साथ गौराबादशाहपुर थाने के निशान गांव के दिनेश कुमार तथा प्रमोद कुमार की जमीन से अवैध कब्जा हटवा दिया। उनकी जमीन पर गांव के ही बच्चे लाल ने मड़ई रखकर कब्जा किया था। तथा रामसकल एव राम बचन ने अवैद्य रूप से उपला एवं पुवाल रखकर कब्जा किया था। जिसे खाली करवाकर कब्जा दिला दिया गया। दोबारा कब्जा करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी दी गई।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील के घिसुआ खुर्द गांव में सीआरओ राम आसरे सिंह के नेतृत्त्व में पहुंची टीम ने चरागाह, भीटा ,और खलिहान की भूमि पर कायम अवैध कब्जा हटवा दिया। टीम ने गांव के राम खुलार पुत्र रामनाथ, वंशराज पुत्र मुन्नीलाल, नेहरू पुत्र मुन्नीलाल द्वारा चारागाह की जमीन पर टीन शेड रखकर किये गए पशुशाला के निर्माण को हटवाया दिया। इसी गांव के गाँव के राधेश्याम, घनश्याम देवराज द्वारा गाँव के भीटे की जमीन पर सीमेंटशेड रखकर किये गए दो कमरे के निर्माण को ढहवा दिया। इसी तरह गाँव के वंशराज व भारत लाल द्वारा चकमार्ग की जमीन पर अतिक्रमण कर खेती की जा रही थी। गेंहू की फसल को पलटवा दिया। गाँव के ही हवलदार पाल द्वारा तालाब को पाटकर जमीन पर आंशिक रूप पक्का मकान का निर्माण कर लिया गया था। जिसपर टीम ने 167 के तहत बेदखली की नोटिस देकर मुकदमा पंजीकृत कराया। इस दौरान टीम के साथ तहसीलदार संतोष सोनकर, कानूनगो प्रमोद श्रीवास्तव, सुरेन्द्र यादव, रामचंद्र बिंद सहित पुलिस टीम मौजूद रही।