जौनपुर। प्रमुख सचिव दुग्ध विकास व जिले के नोडल अधिकारी सुधीर एम बोबड़े ने शुक्रवार की देर रात तक बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान निर्माणाधीन 11 पुलों के स्थान पर सिर्फ एक पुल की रिपोर्ट देने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सेतु निगम के डिप्टी मैनेजर को चेताया। प्रमुख सचिव ने पुलिस अधीक्षक केके चौधरी को कानून व्यवस्था ठीक करने और त्यौहार रजिस्टर को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। नगर पालिका प्रशासन को मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग कराने और जिले के सभी गड्ढामुक्त सड़कों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश सीडीओ को दिया।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव दुग्ध विकास सुधीर एम बोबडे़ ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में लोकार्पण व शिलान्यास की तैयारी पूरी कर ली जाए। योजनाओं में शतप्रतिशत आधार कार्ड बनवाने व लीड बैंक अधिकारी को हर गांव में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने, ओडीएफ का लक्ष्य पूरा कराने, सभी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति समय से देने का निर्देश दिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी विपिन यादव ने बताया कि महिला हेल्प लाइन में आई 162 शिकायतों का समाधान कराया गया है। उपायुक्त मनरेगा कमलेश सोनी ने बताया कि 118 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। एक्सईएन पीडब्लूडी केजी सारस्वत व एक्सईएन आरईएस मायाराम वर्मा को सभी सड़कों को समय से गुणवत्तायुक्त बनाने, एक्सईएन जलनिगम को सभी कार्य समय से पूरा करानेे, डीएसओ अजय प्रताप सिंह को लक्ष्य के अनुसार पात्र राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह को जिले के सभी गड्ढामुक्त सड़कों की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सीएमओ डा. ओपी सिंह, एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्र, सीआरओ रामआसरे सिंह, सीवीओ डा. विरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक देहात संजय राय, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रभूषण वर्मा आदि अधिकारी उपस्थित रहे।