मडियाहूं। नगर पंचायत क्षेत्र के आसपास के सभी सार्वजनिक स्थल विज्ञापन के होर्डिंग से पट गए हैं। कारोबारियों का अवैध कब्जा होता जा रहा है। इसके लिए पहले लोहे के गाटर व एंगल बनाकर साइड खड़ी कर खाली व प्रमुख स्थानों पर कब्जा किया जा रहा है। फिर उसे भारी धनराशि पर होल्डिंग्स लगाकर किराए पर उठा दिया जा रहा है।
नगर के प्रमुख तिराहों भगत सिंह स्मारक, गांधी चौक, इंदिरा पार्क कोतवाली, तहसील, स्टेट बैंक सहित सभी जगह कब्जा जमा लिया है। जबकि इसके लिए बाकायदा नगर पंचायत से टेंडर और अनुमति लिए जाने का प्रावधान है। आवेदन के बाद विशेषज्ञ इंजीनियरों द्वारा विज्ञापन साइटों का भौतिक निरीक्षण व सत्यापन कर नागरिक सुरक्षा की पुष्टि होने पर ही साइटों का शुल्क जमा करा कर नगर निकाय द्वारा अनुमति प्रदान की जाती है। प्रतिवर्ष बाकायदा विज्ञापन कर नीलामी की जाती है। इससे निकाय को अच्छी आमदनी भी होती है। जबकि मडियाहूं नगर पंचायत में ऐसी किसी भी प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। मनमाने ढंग से विज्ञापन माफिया द्वारा होर्डिंग के व्यापार से अवैध ढंग से लाखों की काली कमाई की जा रही है। वही नगर पंचायत के राजस्व को क्षति भी पहुंचाई जा रही है। यहां तक की विज्ञापन साइटों के निर्माण में किसी भी प्रकार से नागरिक सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यदि आंधी तूफान में यह साइट गिरे तो भारी जान माल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि विज्ञापन के लिए नियमावली बनाई गई है। लेकिन गजट जारी नहीं किया गया है। विज्ञापन साइटों के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। इस प्रकार सभी विज्ञापन अस्थल अवैध हैं जिसके लिए अभियान चलाकर कार्यवाही करने की आवश्यकता है।