मीरगंज। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दूसरी लूप लाइन पर वाराणसी जा रही मालगाड़ी के पहुंचने पर मंगलवार को बिछाई गई रेल पटरी चटक गई। पटरी टूटते ही रेल महकमे में मच गया। सतर्कता के कारण एक दुर्घटना होने से बच गई। पीडब्ल्यूआई क्षतिग्रस्त पटरी को ठीक करने में जुटा है।
जंघई रेलवे पर इन दिनों रेल पटरी के बदलने का काम चल रहा है। मंगलवार को स्टेशन की दूसरी लूप लाइन पर मंगलवार को पटरी बिछाई गई थी। शाम को सवा छह बजे वाराणसी जा रही एक मालगाड़ी जैसे ही रेल पटरी पर पहुंची कि उसी समय पटरी टूट गई। इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद पोर्टर नन्हकू की निगाह टूटी रेल पटरी पर पड़ गई। उसने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक दशरथ लाल को दे दी। इसकी सूचना तुरंत पीडब्ल्यूआई को दी गई। इसके बाद कर्मचारी पटरी की मरम्मत में जुट गए। लोगों का कहना है की यदि पोर्टर की नजर टूटी पटरी पर नहीं पड़ती तो रात में ट्रेन गुजरने पर दुर्घटना हो जाती। पीडब्ल्यूआई सेक्शन जंघई के एसबी पांडेय ने बताया की डीआरआर सेकेंड्री लाइन आज ही बदली गई। इस लूप लाइन पर 15 किमी की रफ्तार से ही ट्रेन गुजारी जाती है। वैसे फैक्चर बांधकर लाइन ठीक कर दी गई है। ठंड के कारण पटरी टूटी होगी।