स्टेट बैंक में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी
करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में रविवार की भोर में शार्टसर्किट से आग लगने से बैंक के सारे रिकार्ड जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
बैंक के पास में स्थित चाय विक्रेता ने रविवार की भोर में करीब 4:30 बजे बैंक से धुआं निकता देख शोर मचाया तो बाजार के अलावा गांव के लोग जुट गए। बैंक के रोशनदान से धुआं निकल रहा था। शटर बंद होने के नाते ग्रामीणों को समझ में नहीं आ रहा था कि आग पर कैसे काबू पाएं। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंचा तो बैंक की दीवार को तोड़कर किसी तरह आग बुझाई गई। बाद में सूचना पर बैंक के शाखा प्रबंधक भी पहुंचे। बैंक के रिकार्ड रूम में आग लगी थी। शाखा प्रबंधक रवींद्र कुमार ने बताया कि रिकार्ड रूम में रखे गए सारे रिकार्ड जलकर राख हो गए। इसी रिकार्ड रूम में बैंक की पांच लिंक ब्रांचों का भी रिकार्ड था वह भी जलकर राख हो गया। शाखा प्रबंधक ने रिकार्ड नष्ट होने की तहरीर पुलिस को भी दे दी है।