बिजली दर वृद्धि के खिलाफ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता
जौनपुर। बिजली की दरों में वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को पार्टी कार्यालय से बिजली विभाग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। विसर्जन घाट पर पहुंच कर प्रतीकात्मक शव को विसर्जित किया। इस दौरान बिजली की बढ़ी दरों को वापस लेने की मांग की गई।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिला सचिव मोहम्मद हैदर खां ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार झूठ व जुमलेबाजी कर सत्ता में आई है। दिल्ली में आप की सरकार सस्ती बिजली देने और बिजली कटने पर मुआवजा देने का कार्य कर रही है और बिजली विभाग वहां मुनाफे में चल रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश की सरकार लगातार बिजली दर बढ़ा रही है। संयोजक सोम कुमार वर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसान व व्यापारी विरोधी है। सरकार ने पहले नोटबंदी और इसके बाद जीएसटी लागू कर जनता, किसानों व व्यापारियों को परेशान किया। अब बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बिजली की दरों में वृद्धि को शीघ्र वापस करने की मांग की। इस अवसर पर एसएन सिंह, अजय यादव, नंदिनी, राजेंद्र सिंह, अमरनाथ यादव, सरोजा देवी, डा.अमित श्रीवास्तव, कमलेश गिरी, पप्पू सिंह, एचएन तिवारी व प्रेमचंद्र गौतम आदि उपस्थित रहे।