टीडी कालेज में चुनाव को लेकर अनशन
जौनपुर। छात्र संघ चुनाव और इसके लिए परिवर्तित परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग लेकर टीडी कालेज के छात्र नेताओं का धरना दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्रों ने कालेज के द्वार के किनारे टेंट लगवा दिया है। धरनारत छात्र मंगल ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। चिकित्सकों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। छात्रनेताओं को कहना है कि कालेज प्रशासन जानबूझ कर चुनाव कराने में हीलाहवाली कर रहा है। उधर, छात्र आंदोलन के चलते सेमेस्टर परीक्षा के लिए बनाया गया टीडी कालेज केंद्र निरस्त कर दिया गया है।
टीडी कालेज और राज कालेज के छात्र नेता छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन उनकी मांग नहीं मानी गई। इसको देखते हुए छात्रनेताओं ने कालेज के द्वार के बगल में टेंट लगवाकर धरना शुरू कर दिया है। छात्रों का कहना है कि कालेज प्रशासन चुनाव न कराने पर अड़ा है जो छात्र हितों को दबाने की चाल है। छात्र कालेज प्रशासन की चाल समझ रहे हैं। शनिवार को धरना के दूसरे दिन बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सुबह छात्र नेताओं ने कालेज में पहुंच कर अन्य छात्रों से सहयोग मांगा जिसके कारण सुबह की कक्षाएं प्रभावित रहीं। कई छात्र कालेज आए तो कालेज का माहौल देखकर वापस लौट गए। छात्र नेताओं का आरोप हैं कि कालेज प्रशासन की तरफ से कोई भी प्रतिनिधि छात्रों से बात करने नहीं पहुंचा। प्राचार्य भी कालेज आना बंद कर दिए हैं। कालेज प्रशासन जब तक परीक्षा तिथि घोषित नहीं करता आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर शशांक सिंह सानू, हर्षित सिंह, गौरव सिंह, अमित दुबे, अर्पित सिंह, दिव्यांश, मंगल शुक्ल, अतुल सिंह, सिद्धार्थ सिंह टोनी, वरणि सिंह, विशाल सिंह हुकुम, अंकित यादव, गुलशन, सौरभ, राजदीप, मोंटी सिंह,पवन पांडेय, गोलू, विनय यादव आदि मौजूद थे।