घनश्यामपुर/बरईपार। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में रविवार को मां बेटे समेत आठ लोग घायल हो गए। बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर पानी टंकी के पास अनियंत्रित कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई जिससे मां बेटे घायल हो गए। जबकि मछलीशहर कोतवाली के बहाउद्दीनपुर गांव के पास घडऱोज से टकराकर टेम्पो पलट गया जिससे उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर निवासी गोकरन (40) अपनी मां अमरावती (65) को अपनी कार से लेकर बदलापुर से घर जा रहे थे। बदलापुर खुटहन मार्ग पर सरोखनपुर गांव की पानी टंकी के पास पहुंचे थे तभी कार असंतुलित होकर अचानक पलट गयी। जिससे कार में सवार माँ बेटे दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये । अमरावती को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उधर सरायगुंजा गांव में बोलोरो के धक्के से देवापट्टी गांव के प्रधान राजदेव गम्भीर रुप से घायल हो गये। उन्हें भी प्राथमिक उपचार के बाद जिलाचिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बरईपार से सवारी लेकर मछलीशहर की तरफ जा रहा टेम्पो बहाउद्दीनपुर गांव के निकट पहुंचा था तभी सड़क पार कर रहे घडऱोज से टकरा कर पलट गया। टेंम्पो पलटने से उसमें सवार सती सिंह (40) निवासी चक घसीटा कोतवाली मछलीशहर, गुलहरा (55), ऊषा (15) निवासी प्यारेपुर थाना सुजानगंज, सुरेंद्र सिंह (45) निवासी चक घसीटा मछलीशहर, ठिहुनिया गांव के राम मिलन (40) और छोटेलाल (56) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।