जौनपुर। आज के दौर में मुसलमान अपने हालात के लिए खुद जिम्मेदार हैं। अगर रसूले पाक की सुन्नतों पर अमल करें तो दुनिया व आखिरत में मुसलमानों का सिर बुलंद होगा। इसलिए हमें अल्लाह के नबी के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। ये बातें लंदन से आए हुए मौलाना आयतुल्लाह अकिलुल गरवी ने कलापुर गांव में उत्तर प्रदेश कांग्रेस माइनारिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन हाजी सिराज मेहंदी के आवास पर इसाले सवाब की मजलिस को खिताब कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस्लाम की बका के लिए हजारों कुर्बानियां दी गई, जिसके बाद इस्लाम हम तक पहुंचा है। मौजूदा दौर में मुसलमान के जो हालात हैं उसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं। आज का मुसलमान अल्लाह के नबी द्वारा बताए रास्ते से भटकता जा रहा है। हमें अल्लाह व उसके रसूल के बताए नेक रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने मां बाप की खिदमत करने पर भी जोर देते कहा कि इनकी खिदमत करने से अल्लाह खुश होता है और जन्नत में मुकाम अता फरमाता है। मौलाना ने मौला-ए-कायनात हजरत अली की भी फजीलत बयान की। उन्होंने नाना के दीन के लिए इमाम हुसैन द्वारा करबला में दी गई कुर्बानी का भी जिक्र किया। मजलिस में मरसिया ख्वानी समर रजा व हमनवां ने किया। पेशखानी मंजर भोपाली , नायाब हल्लौरी , अंजार सीतापुरी , नैय्यर जलालपुरी , डा. पीसी विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर शिया धर्मगुरु मौलाना सफ़दर हुसैन जैदी , मौलाना हसन मेहदी , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर ,देव व्रत मिश्रा , पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एसपी सिंह, साजिद हमीद , अफताब खान, डॉ शौकत, आजमगढ़ के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एजाज अहमद , बॉम्बे मरकंटाइल बैंक के चेयरमैन जीशान जैदी, राजेश सिंह , मोहम्मद नकी, नफ़ीस, फहमी, जरगाम हैदर, नजमुल हसन नजमी , मोहम्मद हसन नसीम , मिर्जा जावेद सुल्तान के साथ हजारो की संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में हाजी सिराज मेहदी ने आभार व्यक्त किया ।