जौनपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार जलालपुर-मडिय़ाहूं मार्ग पर रविवार की शाम पांच बजे प्रधानपुर गांव के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में दस माह के दुधमुंहे बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राम आशीष पटेल (27) निवासी पराऊपर थाना मडियाहूं अपनी पत्नी कुसुम व दस माह का बच्चा आदर्श के साथ जलालपुर से घर जा रहे थे। प्रधानपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक सवार अभिषेक मिश्रा (27), अखिलेश मिश्रा (41) निवासी थौर जलालपुर की टक्कर हो गई। इसमें सभी लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार बरईपार मछलीशहर मार्ग पर वारी नहर के समीप शनिवार की रात कार एंव ट्रैक्टर की आमने सामने हुई टक्कर में मीरगंज थाने के हवेली गांव निवासी कार सवार राहुल (23) घायल हो गए। उधर, भिखारीपुर गांव में बाइक की चपेट में आने से रागिनी (11 ) पुत्री लल्लन घायल हो गई। नगर में स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास तारापुर गांव निवासी जंगबहादुर ( 38) निजी कार्य से कहीं बाइक से जा रहे थे इसी दौरान इलाहाबाद की ओर से आ रही कार से टक्कर हो गई। इस घटना में जंगबहादुर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सतहरिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बेरमाव रामनगर निवासी इन्द्र जीत (45) बाइक से मुंगराबादशाहपुर आ रहे थे। वह नेशनल हाइवे पर पहुंचे थे तभी जौनपुर की तरफ से प्रतापगढ़ की ओर जा रही कार की चपेट में आकर घायल हो गए। आस पास के लोगों की मदद से पीएचसी पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।