जौनपुर। पीसीएफ के सभी धान क्रय केंद्रों पर 27 नवंबर को धनराशि पहुंच जाएगी। पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक ने धान क्रय केंद्रों पर धनराशि भेजने की तैयारी पूरी कर ली है। पीसीएफ के सभी 64 धान क्रय केंद्रों पर कुल एक करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
पीसीएफ के 64 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद का कार्य धनाभाव के चलते ठप पड़ा था। साधन सहकारी समिति जपटापुर, दहेव, अर्धपुर, जमदहा, खुदौली, जैगहा व बाकी आदि धान क्रय केंद्र को धान क्रय के लिए शुरुआत में दो-दो लाख रुपये दिए गए थे। इस धनराशि से धान की खरीद की गई। इसके बाद धनाभाव के चलते धान की खरीद का कार्य ठप पड़ा था। पीसीएफ जिला प्रबंधक सौरभ यादव के बिना बताए लापता होने के कारण इन धान क्रय केंद्रों को धनराशि नहीं मिल पाई थी। पीसीएफ के केंद्रों पर धान की खरीद नहीं होने की जानकारी होने पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने पीसीएफ के जिला प्रबंधक के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र भेजा है। उधर, जानकारी होने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक कमलेश सिंह ने अचानक शनिवार को एआर कोआपरेटिव कार्यालय में पहुंच कर पीएसएफ के सभी धान खरीद केंद्रों को धान खरीदने के लिए एक करोड़ रुपये देने की तैयारी पूरी की। 27 नवंबर को पीसीएफ के सभी धान क्रय केंद्रों को धनराशि भेज दिया जाएगा। एआर कोआपरेटिव गणेश गुप्ता ने बताया कि पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक कमलेश सिंह 27 नवंबर को पीसीएफ के सभी धान क्रय केंद्रों को धनराशि उपलब्ध कराएंगे।