जौनपुर। नगर निकाय चुनाव में 11700 पर गड़बड़ी करने की आशंका है जिसके चलते इन्हें पाबंद किया गया है। चिह्नित लोगों को लाल कार्ड जारी कर चेतावनी दी गई है। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी और बूथ पर उपद्रव करने वालों पर रासुका लगाया जाएगा।
नगर पालिका परिषद जौनपुर, शाहगंज, मुंगराबादशाहपुर और नगर पंचायत मडिय़ाहूं, मछलीशहर, केराकत, खेतासराय, जफराबाद, बदलापुर में 29 नवंबर को चुनाव होना है। चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले जिन लोगों से पुलिस को खतरा महसूस हो रहा है ऐसे 11700 लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। आशंका है कि ये लोग चुनाव में गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं। इन्हें थानों के माध्यम से लालकार्ड दिया जा रहा है। ऐसे लोगों को मतदान के दिन मतदान केंद्र से दूर रहने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उन्हें जिम्मेदार माना जाएगा। पुलिस ने जिले के 800 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग करा ली है। पांच हजार असलहे जमा करा लिए गए हैं। 41 बदमाशों की नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है। 60 लोगों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। 200 लोगों को जेल भेजा गया है। 10 मुकदमों में पचास लोगों को गैंगेस्टर में निरुद्ध किया गया है। 50 असलहे बरामद किए गए हैं। 100 वांछित लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस उपद्रवियों को चिह्नित करने के लिए तकनीक का भी सहारा ले रही है। एसपी केके चौधरी ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर लिया गया है। उन्हें लाल कार्ड सौंपा जा रहा है। अगर चुनाव में किसी ने कोई उपद्रव, बवाल, बूथ लूटने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ गैंगेस्टर व रासुका के तहत कार्रवाई होगी।