जौनपुर। तिलकधारी महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्र नेताओं द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत छात्र नेताओं का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह व महामंत्री अनिल सिंह कप्तान आदि से मुलाकात कर चुनाव कराएं जाने के संबंध में पत्रक सौंपा।
छात्र नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय का प्रबंध तंत्र एवं महाविद्यालय प्रशासन की चुनाव कराने की मंशा कतई नहीं है। चूंकि उनके मनमाने रवैए और तानाशाही में छात्रसंघ बाधा उत्पन्न कर सकता है। छात्रसंघ चुनाव कराने के विषय में दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव राजनीति की प्रथम पाठशाला है। छात्रसंघ चुनाव से निकलकर कितने नेता जनपद और प्रदेश का नेतृत्व करते हैं। छात्रसंघ चुनाव से छात्रों को एक नेतृत्वकर्ता प्राप्त होता है। जो उनकी समस्याओं का निदान कराता है।
उन्होंने छात्रसंघ चुनाव कराये जाने की छात्र नेताओं की मांग का समर्थन करते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं महाविद्यालय के प्रबंधक एवं प्राचार्य को पत्र लिखते हुए चुनाव की तिथि घोषित किए जाने के संबंध में प्रस्ताव पारित करने का आश्वासन दिया और कहा कि छात्रसंघ चुनाव की तिथि यदि घोषित नहीं की गई तो बार एसोसिएशन वैधानिक कार्यवाही करेगा। इस अवसर पर छात्र नेता हर्षित सिंह गोलू, गौव सिंह, मंगल शुक्ला, सौरभ सिंह, प्रशान्त सिंह, अनुज सिंह, नीरज मिश्रा, विपिन यादव, मयंक साहू आदि छात्र उपस्थित रहे।