जौनपुर। विश्व मधुमेह दिवस पर मंगलवार को जिले भर में जगह-जगह गोष्ठियां और स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को मधुमेह के कारण और बचाव की जानकारी दी गई। लोगों को संयमित आहार-विहार और व्यायाम से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया। चिकित्सकों ने कहा कि भारत में 62 मिलियन लोग मधुमेह से पीड़ित हैं। यह संख्या सबसे अधिक है। चीन दूसरे और अमेरिका तीसरे स्थान पर हैं। यदि हालत रही तो 2030 तक भारत में मधुमेह रोगियों की संख्या 75 मिलियन हो जाएगी।
लायंस क्लब की ओर से अहियापुर स्थित आशा दीप अस्पताल में क्लब के अध्यक्ष राम कुमार साहू की अध्यक्षता में मधुमेह शिविर का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ चिकित्सक डा. वीएस उपाध्याय ने कहा कि नियमित खानपान और व्यायाम करके मधुमेह से छुटकारा पाया जा सकता है। यहां मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। इस मौके पर डा. क्षितिज शर्मा, मो. मुस्तफा, शत्रुधन मौर्य, सिद्धार्थ मौर्य, मिदहत फात्मा, गायत्री साहू,सुरेश चंद, राजेंद्र कपूर, नीलू सेठ, अरुण त्रिपाठी, विशाल आदि मौजूद थे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से सुबह जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद ने झंडी दिखाई। रैली जेसीज चौराहा से शहर के विभिन्न इलाकों से होते आईएमए भवन में पहुंची जहां मधुमेह से बचाव की जानकारी दी गई। डा. एनके सिंह, डा. एए जाफरी, डा. सुबास सिंह, डा. एचडी सिंह, मेजर एके मौर्य, आदि मौजूद थे।
शहर के रुहट्टा स्थित तीर्थराज अस्पताल में में डा. मुकेश शुक्ल और डा. शिखा शुक्ल ने मधुमेह के कारण और बचाव की जानकारी दी। केयर डेंटल स्पेशिएलिटी सेंटर में डा. गौरव प्रकाश मौर्य और डा. तूलिका मौर्य ने मधुमेह से बचाव की जानकारी दी। शाहगंज: राजकीय पुरुष चिकित्सालय में हुई गोष्ठी में मधुमेह रोगियों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई गई। चिकित्साधीक्षक डा. डीएस यादव ने कहा कि भारत में 62 मिलियन से अधिक मधुमेह रोगी हैं जो सबसे अधिक हैं। दूसरे स्थान पर चीन और तीसरे स्थान पर अमेरिका है। यही हाल रहा तो 2030 तक 75 मिलियन डायबिटीज रोगियों का देश हो जाएगा। मुफ्तीगंज: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज में मधुमेह दिवस मनाया गया। अधीक्षक डा. श्रवण कुमार यादव के नेतृत्व में रैली निकाली गई। इसके बाद अस्पताल में गोष्ठी र्हुई। इस दौरान केदार नाथ चौधरी ने मधुमेह के बारे में बताया। अधीक्षक डा. श्रवण कुमार यादव ने बताया कि मौजूदा समय में हमारे देश की आबादी एक करोड़ पचीस लाख है। देश में साढ़े छह करोड़ लोग मधुमेह की चपेट में है। इस अवसर पर डा. यूसुफ सईद, केदार नाथ चौधरी, जितेंद्र यादव, सौरभ कुमार, किरन उपाध्याय, मीरा यादव, माला मौर्या आदि उपस्थित थे। मंडी स्थित आरबी मेमोरियल हास्पिटल में आयोजित शिविर में मरीजों की मशीन से मुफ्त जांच की गई। इस मौके पर डा. मेहर अब्बास ने रोगियों को परामर्श दिया गया। बताया गया कि नियमित डेढ़ घंटे तक सैर करें।