ट्रेन का रूट बदलने पर यात्रिओं ने किया हंगामा
दुर्ग एक्सप्रेस जंघई पहुंचने पर हुई रूट बदलने की जानकारी
मीरगंज। दुर्ग से नौतनवा जा रही 18201 दुर्ग एक्सप्रेस का रूट बदलने की की जानकारी होने पर यात्रियों ने जंघई स्टेशन हंगामा किया। ट्रेन रुकने पर यात्री स्टेशन मास्टर के पास पहुंच गए और हो हल्ला करने लगे। मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने लोगों को समझा बुझाकर कई यात्रियों को सारनाथ एक्सप्रेस से वाराणसी भेजा।
दुर्ग से नौतनवा जा रही 18201 एक्सप्रेस इलाहाबाद होते हुए मिर्जापुर, वाराणसी होते हुए नौतनवां जाती है। शनिवार को इलाहाबाद पहुंचने पर ट्रेन को किसी कारण से जंघई के रास्ते भेजा गया तो वाराणसी जाने वाले यात्री ट्रेन पर बैठे रहे। ट्रेन जब जंघई पहुंची तो पता चला की ट्रेन मड़ियाहूं -जौनपुर होते हुए जाएगी। ट्रेन वाराणसी नहीं जाएगी। यात्री ट्रेन से उतरकर स्टेशन मास्टर के पास पहुंचकर हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप था की बिना सूचना के ट्रेन का रूट बदला जा रहा है। सूचना पाकर जंघई आरपीएफ सहायक प्रभारी अरविन्द सिंह व हेड कांस्टेबल जलेश्वर यादव, कांस्टेबल अनन्त यादव मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को समझा कर शांत कराया। यात्रा करने वाले बिलासपुर के आरआर साहू, डा. डीआर लहरे, डा. एचपी खैरवार, विमला लहरे, ज्योति, कमल साहू, धर्मपति खैरवार, विनिता खैरवार, बीएस करिया, वाराणसी के शीतल पांडेय ने बताया की सही समय पर सूचना न दिए जाने से हम लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा है। स्टेशन अधीक्षक दशरथ लाल ने बताया स्टेशन अधीक्षक दशरथ लाल ने बताया कि वाराणसी जाने वाले यात्रियों को सारनाथ एक्सप्रेस से यात्रा करने की अनुमति दी गई। यह भी बताया कि जिसका जिस क्लास में आरक्षण है वे उसमें यात्रा कर सकते ंहैं।
फोटो----
देश को एकता के सूत्र में बांधकर बनाया नक्शा
जौनपुर। तिलकधारी महिला महाविद्यालय में आयोजित पुस्तक मेले का शनिवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर देव सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर देश का नया नक्शा तैयार किया। आज ऐसे ही महापुरुष की जरूरत है जो देश को एक नई दिशा दे सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टीडी कालेज के प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पटेल जी अपने दायित्व के प्रति पूरी तरह से इमानदार थे। देश की एकता का जो सपना देखा था उसे इमानदारी से पूरा किया। स्वयं सेविकाओं ने कहा कि हर धर्म से बड़ा राष्ट्र धर्म होता है। विशिष्ट अतिथि हरिश्चंद सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने एतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने का काम किया है। डा. सत्येंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ऐसे व्यक्ति थे जो कभी किसी पद के लिए लोलुप नहीं हुए। देश उनके योगदान को कभी भूल नहीं सकता। डा. डीआर सिंह ने कहा देश की एकता को मजबूत बनाने में योगदान किया। इस मौके पर डा. अजय विक्रम, डा. राजेश्वरी सिंह, डा. चंद्रभूषण त्रिपाठी, डा. बिट्ठल नाथ दुबे, डा. रविंद्र सिंह, डा. पीके सिंह आदि मौजूद थे। संयोजक डा. सुनील विक्रम सिंह रहे। संचालन मधुलिका सिंह ने किया।