देव दीपावली पर दीपदान के बाद रोशन हो गया शीतला धाम चौकिया
जौनपुर। शक्तिपीठ मां शीतला चौकिया धाम में देव दीपावली महोत्सव और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। मंदिर के पीछे स्थित ऐतिहासिक सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं से इक्यावन हजार दीप प्रज्ज्वलित किया जिससे मंदिर परिसर रोशन हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी भी की। गायकों ने भजन सुनाकर लोगों को भाव विभोर कर दिया।
देव दीपावली का पर्व शनिवार को आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में एकत्रित हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मिलजुल कर मंदिर के सरोवर के घाटों पर इक्यावन हजार दीप जलाए जिससे कुंड के साथ ही पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा। इस मनोहारी दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इससे पहले माता रानी का भव्य शृंगार किया गया। इस दौरान वेद मंत्रोच्चार के साथ सभी देवी देवताओं का आह्वान किया गया। इसके बाद श्री मां शीतला युवा कार्यसमिति के कार्यकर्ताओं ने सरोवर के पूरी सीढ़ी को दीपों से सजाया। बीच में बने मंच से कृष्णा एंड ग्रुप की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान आए अतिथियों ने कहा कि माता रानी के इस धाम का देव दीपावली वाकई अद्वितीय है। आयोजक राजेश साहू व आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय त्रिपाठी सुड्डू ने अतिथियों को स्मृतिचिह्न भेंट किया। दूसरी तरफ रंगोली में अव्वल आए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। हजारों भक्तों के बीच आतिशबाजी की गई जिसकी रोशनी से आसमान भी रोशन हो उठा। इस मौके पर उपाध्यक्ष अनिल सोनकर, महामंत्री नाटे सैनी, कोषाध्यक्ष संजय सैनी, राधारमण तिवारी, बसंत सैनी, आकाश गिरि, सचिन गिरि, विनय गिरि, बल्लू सैनी, विपिन सैनी, संदीप सैनी, पवन दुबे, बृजेश माली, रंजीत पंडा, विनोद माली, सुजीत त्रिपाठी, पप्पू त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। आयोजक राजेश साहू व आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय त्रिपाठी ने आभार जताया।