कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते सहकारी समितियों के कर्मचारी।
जौनपुर। डीएम और एडीएम के आश्वासन के बाद भी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी संघ का कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई। साथ ही प्रादेशिक हड़ताल चलने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी।
अध्यक्ष कैलानाथ सिंह व विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि काफी लंबे समय से प्रति समिति वित्तीय सहायता के रुप में 25 हजार रुपये देने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की जा रही है लेकिन अभी तक मांगों को पूरा नहीं किया गया है। जिसको लेकर हम लोग हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीएम व एडीएम ने वार्ता की। इस दौरान डीएम ने मांगों से संबंधित पत्र शासन को भेजने का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को जनपद स्तर से संबंधित मांगों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। इसके बाद भी सचिव नहीं माने और कहा कि जब तक प्रादेशिक स्तर पर हड़ताल चलेगा वे धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। इस दौरान किसान यूनियन के अध्यक्ष राजनाथ यादव, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के विजय प्रताप सिंह, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अशोक कुमार आदि ने भी समर्थन किया। हड़ताल में रामनाथ सोनकर, बनवारी यादव, गुलाबचंद्र यादव, यतींद्र सिंह, वीरबहादुर सिंह, अजय सिंह, श्यामनाथ सिंह, सभाजीत वर्मा आदि उपस्थित रहे।