जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के चुनाव में अपनी पत्नी शाहीन बानो को उम्मीदवार बनाकर जनता की अदालत में उतारेंगे। इसके लिए अगर जरूरत पड़ी तो पार्टी से बगावत भी कर सकते हैं। ये बातें बसपा नेता सलीम खान ने शुक्रवार को हिंदी भवन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि मैं बसपा की नीतियों से सहमत होकर शोषित, दलित, अल्पसंख्यक, गरीबों को न्याय दिलाने के लिए सदस्यता ग्रहण की थी। छह वर्षों तक लगातार पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता की भांति कार्य किया लेकिन कुछ पार्टी के बड़े नेता कुछ लोगों के कहने पर पार्टी के टिकट को बेचने का काम करने के साथ ही पार्टी की छवि खराब करने में जुटे हैं जिसके वह भी शिकार हैं। जबकि पार्टी मुखिया के पास मेरी अच्छी रिपोर्ट गई थी। बावजूद इसके अंतिम क्षण में मेरी पत्नी का टिकट कट गया। इसके बाद भी इस बार नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद पर पत्नी शाहीन बानो को चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर का विकास करने के लिए वह हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।