जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2017-18 की मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 अक्तूबर से जमा किए जाएंगे। संस्थागत, व्यक्तिगत और भूतपूर्व सभी छात्रों के आवेदन एक साथ जमा होंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है।
परीक्षा नियंत्रक और प्रभारी कुल सचिव डा. संजीव कुमार ने बताया कि बिना विलंब शुल्क के आवेदन 30 अक्तूबर से 30 नवंबर तक भरे जाएंगे। विलंब शुल्क के साथ 31 नवंबर से आठ दिसंबर तक आवेदन भरे जाएंगे। ऑनलाइन किए गए आवेदन का सत्यापन और संशोधन 9 दिसंबर से 17 दिसंबर तक किया जाएगा। विश्वविद्यालय के खाते में शुल्क स्थानांतरण करने की तिथि 18 से 23 दिसंबर तक है। ऑनलाइन परीक्षा फार्म की हार्ड कापी. नामिनल रोल, जमा फीस की रसीद, विश्वविद्यालय खाते में जमा करने की तिथि जिलावार निर्धारित की गई है। मऊ, हड़िया और इलाहाबाद के कालेज तीन जनवरी 2018 से चार जनवरी 2018 तक अपने आवेदन जमा करेंगे। गाजीपुर के कालेज 5 जनवरी से 6 जनवरी, आजमगढ़ के कालेज 8 से 9 जनवरी और जौनपुर के कालेज 10 से 11 जनवरी तक अपने ऑनलाइन किए गए परीक्षा फार्म की हार्ड कापी. नामिनल रोल, जमा की गई फीस रसीद की प्रति विश्वविद्यालय के खाते में जमा करेंगे। डा. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि कालेज समय से अपना आवेदन जमा कर उसकी सूची विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दें ताकि परीक्षा तैयारी को अंतिम रूप दिया जा सके।