रासमंडल में गोवर्धन पूजन करते कायस्थ समाज के लोग
जौनपुर। दीपावली के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्था के साथ गोवर्धन पूजा की गई। शहर के मंदिरों में गोवर्धन पूजा पर विशेष कार्यक्रम हुए। कायस्थ समाज की ओर से विशेष पूजा का आयोजन किया गया। शहर में स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भगवान को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया।
सुबह 11 बजे विशेष पूजा में शहर के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान भजन कीर्तन भी हुआ। कार्यक्रम के दौरान बताया कि यह परंपरा द्वापर युग से चली आ रही है। बताया जाता है कि भगवान कृष्ण ने ब्रज के लोगों से गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए कहा था। भगवान कृष्ण ने कहा था कि गोवर्धन पर्वत गौधन का संरक्षण करता है जिससे पर्यावरण भी शुद्ध होता है। इसलिए गोवर्धन पर्वत की पूजा की जानी चाहिए। उधर, बक्शा विकास खंड के बरपुर गांव में स्थित गोवर्धन मंदिर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए जहां सामूहिक रूप से पूजा अर्चना की गई। यहां लोगों ने परंपरा के अनुसार गोवर्धन मंदिर की परिक्रमा की।