बाउंड्रीवाल और पेयजल योजना का लोकार्पण करते जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र
जौनपुर। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित बाउंड्रीवाल, शौचालय व पेयजल व्यवस्था के साथ ही तहसीलदार, एसडीएम, रजिस्ट्रार व कानून गो कार्यालय के जीर्णोद्धार कार्यों का फीता काटकर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने कहा कि परिसर की साफ सफाई व पीड़ितों की समस्याओं के निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। पेयजल व शौचालय के लिए फरियादियों सहित अन्य लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शिनी की तारीफ करते हुए कहा कि जनता की सेवा के लिए जिस तरह के कार्यों को कराना उचित हो, उसे अवश्य कराएं। इस अवसर पर तहसीलदार सदर आशा राम वर्मा,आदित्य नाथ त्रिपाठी, विजय सिंह,राम प्रताप, संजय राय,विष्णु व केएन पांडेय आदि उपस्थित रहे ।