जौनपुर। अलम नवचंदी और अमारी कमेटी के लोगों ने सोमवार को हाजी सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें अलम नवचंदी व जुलूस-ए-अमारी पर बिजली व पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के साथ ही स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने की मांग की गई है।
अध्यक्ष हाजी सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी और समाजसेवी एएम डेजी ने संयुक्त रप से कहा कि पूर्वांचल का सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक अलम नवचंदी व जुलूस ए अमारी 76 वर्षों से पुरानी बाजार के इमाम बाड़ा दलान से उठकर सदर इमामबाड़ा जाकर समाप्त होता है। इस वर्ष 26 अक्तूबर को इसका आयोजन होगा। इस जुलूस में प्रदेश के हर मजहब व मिल्लत के लोग सम्मिलित होते हैं। यह जुलूस कौमी एकता का प्रतीक है। इस जुलूस को शिया धर्म गुरू मौलाना सैय्यद कल्बे जव्वाद नकवी लखनऊ संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट को पत्रक सौंप कर दोपहर 12 से रात 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति करने, दालान इमामबाड़ा के पास विद्युुत तार व्यवस्थित करने, जुलूस में एंबुलेंस व चिकित्सक की व्यवस्था करने, जुलूस वाले मार्गों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में अलमदार हुसैन रिजवी, शहंशाह हुसैन एडवोकेट, अली मंजर डेजी, मोहम्मद अरसद, मैसर हुसैन, तामीर हसन शीबू, तहसीन अब्बास सोनी शामिल रहे।