जौनपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर की नियमित सफाई और पेयजल की पुरानी पाइप लाइनों को बदलने आदि मांग को लेकर नगर पालिका परिषद का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शन कर नारेबाजी की। साथ ही अधिशासी अधिकारी को पत्रक सौंपा।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर की नियमित सफाई नहीं हो रही है। पेयजल की पुरानी पाईपों क्षतिग्रस्त हैं जिसके लीक होने पर घरों में गंदा पानी पहुंचता है। ऐसे में पाइपों को बदलना जरूरी है। कहा कि समस्याओं को जल्द दूर किया जाए। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनुराग मिश्र ने कहा कि अंडर ग्राउंड बिजली का केबिल डालने के नाम पर सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। शहर के कई इलाकों में सप्लाई का पानी नहीं पहुंच रहा है। हुसैनाबाद में 25 दिनों से ट्यूबवेल खराब है। जेसीज सहित शहर में कई स्थानों पर कूड़े फेंके जा रहे हैं जिससे शहरवासियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह की कई समस्याएं शहर में हैं जिसका निस्तारण शिकायत के बावजूद भी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जनहित के इन्हीं समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए हम लोगों ने नगर पालिका का घेराव किया है। इसके बाद भी समाधान नहीं तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। घेराव करने वालों में अजय यादव, प्रेमचंद्र गौतम, हैदर खान, राजेंद्र सिंह राज, पंकज चौहान, संजय गुप्ता शामिल रहे।