जौनपुर। धनतेरस और दीपावली को लेकर सराफा बाजार में सोमवार से ही चहलपहल बढ़ गई। महिलाओं ने धनतेरस के लिए पहले से ही आभूषण बुक करा रखे हैं। हर कोई अलग-अलग तरह के गहनों को पसंद करने में जुटा हुआ है। उधर, धनतेरस को सोने-चांदी के सिक्के, बर्तन, बाइक और कार खरीदने का बहुत से लोगों ने मन बना रखा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की ऐजेंसियों पर भी लोगों ने गाड़ी की बुकिंग करा दी है। ऐसे लोगोें ने पहले से ही पसंदीदा मॉडल, रंग की गाड़ी को आरक्षित करा ली है। इस बार भी धनतेरस पर चांदी के सिक्कों की अधिक मांग है। सराफा कारोबारियों की मानें तो इधर गिफ्ट में चांदी के गणेश लक्ष्मी की मूर्ति वाला सिक्का देने का प्रचलन बढ़ा है। इसीलिए इसकी खास बिक्री की उम्मीद है।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक दो लाख से नीचे की खरीद बिना पैन नंबर बताए करने की छूट होने से गहनों की खरीद के प्रति लोगों की रुझान बढ़ा है। बाजार में डायमंड गोल्ड, ज्वैलरी के डिजायनर सेट, कुंदन, एंटिक्स, हालमार्क ज्वैलरी के प्रति ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। उपभोक्ता भारी गहनों के बजाय हल्के आभूषण पसंद कर रहे हैं। सोने के चेन, अंगूठी, सिक्के की धनतेरस के लिए खूब बुकिंग हुई। सोने की चूड़ियां, चेन, ब्रेसलेट, रिंग के प्रति महिलाओं का अधिक झुकाव है। ंसोमवार को सराफा बाजार में सोना प्रति दस ग्राम 27900 और चांदी 38 हजार रुपये प्रति किलो रहा।
धनतेरस पर गहनों की बिक्री को देखते हुए सराफ के कारोबारियों ने सुबह सात बजे ही दूकान खोलने की तैयारी कर ली हैं। करोड़ों रुपये के गहनों की बुकिंग हो चुकी है। कारोबारियों ने पांच ग्राम से लेकर सौ ग्राम तक के सिक्के मंगाएं हैै। व्यापारियों ने छूट के साथ विशेष आफर दिया है। कोई कूपन में कार दे रहा है तो कोई बाइक और मेकिंग छूट का दावा किया है।
ग्राहकों को हाल मार्क पर भरोसा है। 91.60 हाल मार्क ज्वैलरी पर ग्राहकों का रुझान बढ़ रहा है। टांके वाली ज्वैलरी के प्रति रुझान कम है। ऐसा दावा कारोबारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि टांके वाले आभूषण 25 फीसदी तक वापसी में नुकसान होता है। कारोबारियों ने ग्राहकों में विश्वास पैदा करने के लिए गहनों की जांच के लिए मशीन लगा रखी है। सभी कारोबारियों ने अपने यहां महिला सेल्समैन को विशेष रूप से लगाया है।
कीर्तिकुंज ज्वैलर्स के नन्हें लाल वर्मा ने बताया कि हाल मार्क ज्वैलरी की तरफ ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। क्योंकि टांके की ज्वैलरी में 25 प्रतिशत तक नुकसान होता है। जितनी शुद्धता उतने दाम के गहने बेचे जा रहे हैं।
गहना कोठी के विनीत सेठ ने बताया के दो लाख के नीचे की खरीददारी पर पैनकार्ड की छूट से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। धनतेरस के दिन पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खरीददारी की उम्मीद है।-विनीत सेठ, गहना कोठी
विश्वनाथ प्रसाद छगन लाल के प्रोपराइटर विमल सेठ ने बताया कि जीएसटी और पैनकार्ड की बंदिशों का खासा असर कारोबार पर पड़ा है। त्योहार के इस मौसम में हमने उपभोक्ताओं का विशेष ख्याल रखा है। मेकिंग चार्ज पर विशेष छूट दी जा रही है। बाला जी ज्वैलर्स के अजय सेठ विक्की ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में सोने चांदी के गहनों की कीमत में कमी के चलते ग्राहकों में अच्छा रुझान है। अच्छी खासी संख्य में लोगों ने आभूषणों की बुकिंग कराई है। अच्छी क्वालिटी के सोने पर खास भरोसा है।