डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी का उसके प्रेमी ने गर्भपात करा दिया। हालत बिगड़ी तो उसे बीएचयू में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। किशोरी के पिता ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव की सोलह वर्षीय किशोरी को पड़ोसी गांव का युवक अप्रैल में बहला फुसलाकर भगा ले गया था। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर नाबालिग बेटी को भगा ले जाने का आरोप युवक पर लगाया था लेकिन पुलिस लड़की को बरामद नहीं कर सकी। कुछ दिन पहले युवक किशोरी को लेकर अपने घर आ गया। चार दिन पहले किशोरी की तबीयत अचानक बिगडने की खबर मिली तो बेटी का हाल जाने पिता आरोपी युवक के घर गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां किशोरी का गर्भपात हो गया। अधिक खून निकलने से उसकी हालत गंभीर होती गई। डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उसे गंभीर अवस्था में बीएचयू में भर्ती कराया गया जहां शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। किशोरी के पिता ने उसके प्रेमी और परिवार वालों पर बेटी की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने केस दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी केके चौधरी का कहना है कि मामला अभी संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसी घटना हुई है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।