कलेक्ट्रेट के प्रेक्षागृह के सामने प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
जौनपुर। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले पंद्रह सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की चल रही हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। इस दौरान राज्य कर्मचारी घोषित करने, वेतन मान बढ़ाने आदि मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद की। इस दौरान जुलूस निकाल कर प्रेक्षागृह का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सरिता सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यूपी, दिल्ली व राजस्थान में समान कार्य करने के लिए वेतन समान है। उन्होंने कहा कि सरकार की हमारी ताकतों का अंदाजा नहीं हो रहा है। जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा । तब तक हमारी हड़ताल चलती रहेगी। हड़ताल को महामंत्री मीनाक्षी शुक्ला, संगठन मंत्री चंद्रकला, राजबली यादव ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मछलीशहर कुसुम सिंह व संचालन सिरकोनी ब्लाक अध्यक्ष मीना यादव ने किया। बैठक में माधुरी, सोनिया, बिंदू, मनोरमा सिंह, मीरा सिंह, पुष्पा सिंह, रेखा सिंह, अर्चना सिंह आदि उपस्थित रही।