जौनपुर। जिले के प्रधान डाकघर में जल्द ही आधार अपडेशन केंद्र, आईपीपीबी और बैंक पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू होगा। सभी कर्मचारियों से केंद्र सरकार की संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार करने की अपील की गई है। ये बातें मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल वाराणसी परिक्षेत्र केके भगत ने शनिवार को उत्सव होटल में डाक जीवन बीमा एवं विभाग की अन्य योजनाओं के संबंध में आयोजित महा मेले में कहीं।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग की ओर से नौ से लेकर 14 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया गया। इसमें विभिन्न मदों में व्यवसाय अर्जित कर खाते खोले गए। इसमें डाक जीवन बीमा की 43 पालिसियां खोली गईं जिसमें 246 लाख रुपये जमा हुए। ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 87 पालिसियां खोली र्गइं जिसमें 242 लाख रुपये अर्जित की गई। 3583 बचत खाते, सुकन्या समृद्घि योजना के 558 खाते व पीएम सुरक्षा बीमा योजना के 10 खाते खोले गए। डाक जीवन बीमा व्यवसाय में अच्छे कार्य करने के लिए डाक सहायक श्याम सुंदर को प्रथम, उप डाक पाल सर्वेश सिंह को दूसरा व उप डाक पाल सुजीत कुमार को तीसरा पुरस्कार दिया गया। इसी प्रकार ग्रामीण डाक व्यवसाय में शाखा डाक पाल अवनिंद्र कुमार यादव को पहला, शाखा डाक पाल नीरज तिवारी को दूसरा व शाखा डाक पाल विकास कुमार यादव को तीसरा पुरस्कार दिया गया। उत्कृष्ट पोस्ट मास्टर का प्रथम पुरस्कार अनुज कुमार शुक्ल को दिया गया जबकि द्वितीय पुरस्कार राम कुमार यादव को और तृतीय पुरस्कार आनंद कुमार शुक्ल को दिया गया। डाक अधीक्षक प्रभाकर त्रिपाठी ने कर्मचारियों को डाक संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। पोस्ट मास्टर जनरल वाराणसी परिक्षेत्र केके भगत ने कचहरी स्थित डाक परिसर में पौधरोपण किया। इस मौके पर पारसनाथ यादव, एसपी राय, विवेकानंद सिंह, विपीन यादव, अखंड प्रताप गोस्वामी, श्रीकांत पाल, दिनेश द्विवेदी, सतीश कुमार सिंह, श्रीप्रकाश गुप्त आदि उपस्थित रहे।