जौनपुर। यूपी टेट की परीक्षा 15 अक्तूबर को दो पालियों में संपन्न होगी। पहली में 11 और दूसरी पाली में 20 केंद्रों पर 25 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में पारदर्शिता बरतने के लिए सभी केंद्रों पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10.30 से 12.30 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 से 5.30 बजे तक होगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आरपी मिश्र ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा के शुचिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। मजिस्ट्रेट की निगरानी में सुबह सभी केंद्रों पर बुकलेट और ओएमआर सीट उपलब्ध कराया जाएगा। सुरक्षा को देखते हुए सभी केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्राध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को ही सीटिंग प्लान लगाकर कमरों को सील कर दिया गया।