जौनपुर। निकाय चुनाव के मद्देनजर नगर पालिका और नगर पंचायत के बार्डों के आरक्षण की सूची जारी होने बाद प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बीस अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी और 55 अधिकारियों को सहायक प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह को वरिष्ठ प्रभारी अधिकारी मतदान, मतगणना कार्मिक एवं निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सहयोग में प्रभारी अधिकारी के रूप में जिला विकास अधिकारी लगाए गए हैं। एडीएम वित्त व राजस्व आरपी मिश्र प्रभारी अधिकारी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट को प्रभारी अधिकारी वाहन, ईंधन व रूट चार्ट बनाया गया है। मुख्य कोषाधिकारी राकेश सिंह को व्यय लेखा एवं यात्रा भत्ता, सभी एसडीएम को प्रभारी अधिकारी मतदाता सूची, उप संचालक चकबंदी को प्रभारी अधिकारी शिकायत, अधिशासी अभियंता जल निगम निर्माण शाखा व अधिशासी अभियंता तृतीय रखरखाव जल निगम को प्रभारी अधिकारी पेयजल व सफाई बनाया गया है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को प्रभारी अधिकारी सूचना प्रेक्षण, डिप्टी कलेक्टर रमापति को प्रभारी अधिकारी कंट्रोल रूम एवं सूचना, उप कृषि निदेशक को प्रभारी अधिकारी वीडियोग्राफी, जिला सूचना अधिकारी को प्रभारी अधिकारी मीडिया, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को प्रभारी अधिकारी टेंट, फर्नीचर एवं वैरीकेडिंग, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड तृतीय को प्रभारी अधिकारी विद्युत, उपयुक्त श्रम रोजगार को प्रभारी अधिकारी मतपत्र, बंदोबस्त अधिकारी प्रशासनिक को प्रभारी अधिकारी लेखन सामग्री, प्रपत्र एवं कीट, जिला विकास अधिकारी को प्रभारी अधिकारी मतपेटी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग को वरिष्ठ प्रभारी अधिकारी प्रेषक लाइजनिंग, पीडी को प्रभारी अधिकारी प्रेक्षक लाइजनिंग, सीआरओ को प्रभारी अधिकारी आचार संहिता व जिला पूर्ति अधिकारी को प्रभारी अधिकारी खान-पान व्यवस्था बनाया गया है।