शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के छिड़वा भादी गांव में शुक्रवार को रुपये के लेनदेन के विवाद में पुलिस बल के सामने मनबढ़ों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला की पिटाई की। इस दौरान कोतवाली पुलिस चुप्पी साधे रही।
छिड़वा भादी गांव निवासी भगनू प्रजापति के पुत्र प्रदीप पर कथित रूप से बड़ी रकम उधार लेकर भागने का आरोप है। प्रदीप पंजाब के जालंधर में रहता है। गोलबंद लोग परिवार पर दबाव बना रहे किया। लगातार धमकी, गाली गलौज और मारपीट से आजिज भगनू और उसके लड़के घर छोड़कर चले गए। बहू को मायके भेज दिया। घर में भगनू की पत्नी दुर्गावती (60) अकेले रह रही है। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे चार मोटर साइकिलों पर सवार आठ की संख्या में लोग कोतवाली में तैनात एक दरोगा और सिपाही के साथ पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर दुर्गावती को जमकर मारा पीटा। दरोगा व सिपाही मौके पर मूकदर्शक बने रहे। स्थानीय लोग हस्तक्षेप के लिए आगे बढ़े तो उनको धमका कर चुप करा दिया गया। पीड़ित दुर्गावती का कहना है कि गोलबंद अपराधी प्रवृत्ति के हैं। लूट व हत्या के आरोपी भी रहे हैं। उनकी निगाह उसके घर पर है जो अनावश्यक रुप से परेशान करके मकान को रजिस्ट्री कर देने का दबाव बनाते हैं। उसके पास एक ही बेटा है उसके खिलाफ पुलिस से साठगांठ करके हत्या के प्रयास का मुकदमा भी लिखवा दिया है। इस संबंध में एसपी केके चौधरी का कहना है कि अगर ऐसा है तो मामला गंभीर है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।