नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर लूटी बाइक
जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल के पास हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
सिकरारा। जौनपुर इलाहाबाद राजमार्ग पर सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर स्थित सई नदी पुल के पास रविवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर युवक की बाइक लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। ढाई साल पहले इसी जगह ताहिरपुर के सभाजीत मौर्य के 25 वर्षीय पुत्र आशीष मौर्य को बदमाशों गोली मारकर उसकी पत्नी के जेवरात लूट लिए थे । युवक की मौके पर मौत हो गई थी। सूचना पर रात में ही एसपी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बदमाशों की तलाश में घेराबंदी कराई गई लेकिन सुराग नहीं लगा।
सिकरारा थाना क्षेत्र के खानापट्टी गांव निवासी आलोक सिंह (26) पुत्र विनोद कुमार सिंह रविवार की रात अपने बड़े भाई आशीष को वाराणसी जाने के लिए वरुणा एक्सप्रेस ट्रेन पर बैठाकर घर लौट रहे थे। रात में करीब 11 बजे वह बरगुदर पुल पर पहुंचे थे। जहां बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने लकड़ी का डंडा लगाकर बाइक रोक लिया। युवक के रुकते ही एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर असलहा सटा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि बदमाश मुहं को कपड़े से बांधे हुए थे। थानाध्यक्ष विमल प्रकाश रॉय ने बताया कि बाइक लूट के मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलास कर लिया जाएगा। जौनपुर इलाहाबाद मार्ग पर हुई इस दुस्साहसिक घटना से देर रात तक शहर से काम कर लौटने वालों में खौफ व्याप्त है।